बहेड़ी में आधी रात हाईटेंशन लाइन टूटकर बस पर गिरी, आग से बस खाक, हेल्पर गंभीर रूप से झुलसा

SHARE:

बरेली जिले के बहेड़ी कस्बे में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। तेज हवा के चलते 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन टूटकर रोडवेज के पास खड़ी एक बस पर गिर गई, जिससे बस में अचानक आग लग गई। हादसे के समय बस के अंदर सो रहा हेल्पर करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब दो बजे की है। पीलीभीत-बहेड़ी मार्ग पर चलने वाली बस संख्या UP 26 T 9897 रोडवेज के पास खड़ी थी। इसी दौरान तेज हवा के कारण ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर बस के ऊपर गिर गई। तार गिरते ही चिंगारियां उठीं और कुछ ही पलों में बस में आग भड़क उठी।

हादसे के वक्त बस के अंदर सो रहा हेल्पर अनु, निवासी मढ़ोटांडा, जिला पीलीभीत, करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। अचानक लगी आग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
पास ही मौजूद एक चाय विक्रेता ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी खबर दी गई। दमकल विभाग और बहेड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो चुका था।

गंभीर रूप से झुलसे हेल्पर को पहले पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं कराई जाती तो आग आसपास खड़ी अन्य बसों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!