बरेली।
शुक्रवार रात बरेली पहुंची उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम शनिवार सुबह स्टेडियम पहुंची, जहां हेड कोच ध्रुव सिंह की निगरानी में खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया और पसीना बहाया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के विभिन्न पहलुओं पर फोकस किया।
टीम प्रबंधन ने बताया कि उत्तर प्रदेश टीम इस समय 19 अंकों के साथ मजबूत स्थिति में है। बंगाल के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले को जीतने पर टीम सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। इसी कारण टीम का पूरा फोकस इस मैच पर है।
कोच ध्रुव सिंह ने कहा कि टीम के खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं और नियंत्रण के साथ खेल रहे हैं। फास्ट गेंदबाज आयान ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 विकेट हासिल किए हैं। भव्य गोयल की बल्लेबाजी प्रभावी रही है, वहीं अनमोल नौशरन के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं। भावी शर्मा और कार्तिकेय शर्मा भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। कोच ने कहा कि खिलाड़ी 80 के स्कोर को 100 में बदलने पर ध्यान देंगे, जिससे जीत की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
टीम मैनेजर विनय कुमार ने अभ्यास सत्र को संतोषजनक बताया और स्टेडियम की विकेट व सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम के पास अभी दो दिन का अभ्यास समय है, जिसका खिलाड़ी पूरा लाभ उठाएंगे।




