बरेली । चक महमूद (ओल्ड सिटी) निवासी विजय कुमार ‘दीनानाथ’ को पैरा क्रिकेट के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें Para Cricket Club of India (PCCI) ने उत्तर प्रदेश का एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट (प्रदेश अध्यक्ष) नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एग्जीक्यूटिव मेंबर की भूमिका भी दी गई है।
पैरा क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया एक राष्ट्रीय सामाजिक संगठन है, जो दिव्यांग खिलाड़ियों को क्रिकेट के क्षेत्र में मंच, प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य करता है।
यह नियुक्ति 11 फरवरी 2026 को जारी आधिकारिक पत्र (रेफरेंस नंबर PCCI/00046/25) के माध्यम से की गई। पत्र संगठन के मुख्यालय, मंडी (हिमाचल प्रदेश) से जारी हुआ है।
नियुक्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि चेयरपर्सन डॉ. अनुभूति चौहान के निर्देश पर यह दायित्व सौंपा गया है। महासचिव संगीत चौहान द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में आशा व्यक्त की गई है कि विजय दीनानाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पैरा क्रिकेट को नई मजबूती और विस्तार मिलेगा।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह पद मानद (ऑनरेरी) होगा और इसके लिए किसी प्रकार का वेतन या भत्ता देय नहीं होगा। संगठन के नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा।नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय कुमार ‘दीनानाथ’ ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य प्रदेश में पैरा क्रिकेट को सशक्त बनाना और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर दिलाना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।



