बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ऑडिटोरियम में रविवार को आयोजित बरेली मंडल परफॉरमेंस आर्ट्स चैम्पियनशिप 2026 रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। कार्यक्रम का आयोजन राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डांस संघों के मानकों के अनुरूप किया गया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी उच्च रहा।
इस दौरान डांस, सिंगिंग, एक्टिंग, म्यूजिकल योगा, इंस्ट्रुमेंटल, स्टैंडअप कॉमेडी, पोएट्री, डायलॉग राइटिंग, स्पीड पेंटिंग विद म्यूजिक, ट्रू वॉरियर्स मॉडलिंग और लाइव जर्नलिज्म जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। वहीं “सुपर मॉम” सेगमेंट में माताओं ने भी अपने आत्मविश्वास और कला से सभी का दिल जीत लिया। पूरे आयोजन के दौरान तालियों की गूंज माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रही।

मुख्य अतिथि आईएमए अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव और रुचि चारु ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों की रुचि को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा निखर सके।

आयोजन को सफल बनाने में बरेली परफॉर्मिंग आर्ट्स यूनिट की अध्यक्ष मंदीप कौर और सचिव आशीष मिश्रा की अहम भूमिका रही। टीम सदस्य प्रीति गुप्ता और कीर्ति कश्यप भी उपस्थित रहीं, जबकि अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मनदीप कौर और आव्या वाजपेयी ने एंकरिंग की।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रगति गोयल, राहुल एलेक्स आर्य, देवेंद्र डींगरा और विक्रम सिंह ने किया। जजों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि बरेली में अपार प्रतिभाएं हैं, जिन्हें सही मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार चयनित प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।
यह आयोजन न सिर्फ नई प्रतिभाओं को मंच देने में सफल रहा, बल्कि बरेली मंडल के सांस्कृतिक विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


