बरेली। पुराने शहर से निकले जुलूस-ए-मोहम्मदी के इस्तकबाल के लिए सैलानी रोड पर मन्नत बैंकट लॉन के तत्वावधान में भव्य स्वागत मंच सजाया गया। यहां जुलूस में शामिल अंजुमनों का फूलों की बारिश कर जोरदार स्वागत किया गया। अंजुमनों के सदर और सेक्रेटरी की दस्तारबंदी कर उन्हें उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के संयोजक हाजी नजाकत उल्लाह खान ने सभी मेहमानों और अंजुमनों का स्वागत किया।

इस मौके पर बरेली हज सेवा समिति के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी हाजी साकिब रजा खान ने कहा कि जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का अवसर मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने बच्चों को हुजूर की सुन्नतों पर अमल करने की सीख देने के साथ दीनी और दुनियावी तालीम दिलाकर आगे बढ़ाना चाहिए।
दरगाह आला हजरत के हजरत सय्यद आसिफ मियां ने कहा कि मोहब्बत के इस मंच से फूलों की शक्ल में मोहब्बत की बारिश हो रही है। यह बेहद खूबसूरत और दिल को छू लेने वाला मंजर है। उन्होंने दुआ की कि हमारा मुल्क और पूरी दुनिया खुशहाल और कामयाब हो, हर इंसान सलामत रहे तथा समाज में अमन, भाईचारा और मोहब्बत कायम रहे। उन्होंने लोगों से नेकियों के रास्ते पर चलने की अपील भी की।

जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खान वारसी ने कार्यक्रम पर खुशी का इजहार करते हुए इसे मोहब्बत और भाईचारे का खूबसूरत संदेश बताया।
कार्यक्रम में आशु खान, उवेद खान, आसिम खान, राजू बाबा, कमाल खान, सलमान, निक्की वर्मा, फाजिल खान, आसिम हुसैन कादरी, मौलाना शानू, जीशान हुसैन, शाहरुख रजा समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जुलूस में शामिल अंजुमनों का फूलों से स्वागत और सम्मान आकर्षण का केंद्र बना रहा।

