बहेड़ी में ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है । प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
नगर के पुराने रोड स्थित कदीमी ईदगाह और नूरी नगर की आला हजरत ईदगाह सहित बाजार वाली मस्जिद, मोती मस्जिद, पाकड़ वाली मस्जिद, मियां वाली मस्जिद, ताज मस्जिद, सकलैनी मस्जिद, उमर मस्जिद, अब्दुल्ला चौधरी मस्जिद, मौलाशाह मियां वाली मस्जिद, मदारे आज़म मस्जिद, अजहरी मस्जिद और मदीना मस्जिद में विशेष सतर्कता बरती गई।

हर स्थान पर पुलिस की मौजूदगी के साथ निगरानी व्यवस्था मजबूत रखी गई।क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार और कोतवाल पवन कुमार खुद पुलिस टीम के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उनके साथ इंटेलीजेंस विभाग और दमकल विभाग की टीमें भी पूरी तरह अलर्ट रहीं।
सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से नमाज़ अदा की और नमाज़ के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे नगर में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान सीओ अरुण कुमार, कोतवाल पवन कुमार, चौकी प्रभारी शिव कुमार, इंटेलीजेंस विभाग से अनुज कुमार सिंह, पीतांबर सिंह सहित पीएसी और पुलिस बल तैनात रहा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि ऐसी मुस्तैदी से ही त्योहारों पर शांति बनी रहती है। वहीं प्रशासन ने भी नागरिकों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए आगे भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।



