बरेली। रामपुर रोड के मिनी बाइपास पर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सील किशन होंडा के सामने सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक धुएँ के बाद तेज लपटों में बदल गई। कुछ ही सेकंड में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। राहगीर अपनी गाड़ियाँ हटाते हुए तेजी से दूर भागे ताकि कोई हादसा न हो।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी देर से वहीं खड़ी थी और उसका चालक पास ही किसी काम से गया हुआ था। अचानक बोनट से उठता धुआँ तेज आग में बदल गया और लपटें इतनी तेज थीं कि दुकानदारों और आसपास के लोगों ने पानी डालकर बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काबू में नहीं आई।
इसी बीच किला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब 15 मिनट की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख बन चुकी थी। पुलिस ने भीड़ को हटाकर जली हुई कार को किनारे कराया और सड़क पर जाम हटवाकर यातायात सामान्य किया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस आग लगने के कारण की जांच कर रही है।




