बरेली। महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर 26 अक्टूबर को बरेली में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, भव्य बैंड, घोड़े और बग्गियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भगवान महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा प्रबंध समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति ने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शोभायात्रा निकालने का संकल्प लिया है। वहीं प्रशासन ने भी शोभायात्रा का रूट चेक भी किया है ताकि आयोजन के वक्त किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो।

शोभायात्रा के आयोजन को लेकर समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अंशु आर्य ने कहा कि बरेली प्रशासन ने हमेशा धार्मिक आयोजनों को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा और शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।
महापुरुषों के संदेश देंगी आकर्षक झांकियां
अंशु आर्य ने कहा कि इस वर्ष शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान महर्षि वाल्मीकि और महापुरुषों के आदर्शों एवं संदेशों को प्रस्तुत किया जाएगा। सुंदर झांकियां, धार्मिक स्वरूप, भव्य बैंड, घोड़े, बग्गियां और आकर्षक साज-सज्जा शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएंगे। शोभायात्रा निर्धारित मार्ग पर प्रशासन की ओर से तय मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य आयोजन को भव्य बनाने के साथ ही अनुशासन, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। समिति के सभी सदस्य प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।
प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में शोभायात्रा के स्वागत अध्यक्ष अभिजीत कठेरिया, संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश शासन के अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, हरवंश सिंह, हरि सिंह वरदान, डालचंद, धनराज, शिशुपाल कठेरिया, विशाल बिंदु, अम्बरीश कठेरिया, पार्षद हरीश वाल्मीकि, सुनील भारत, रुस्तम सिंह गुड्डू, गोविंद वाल्मीकि, सुमित कठेरिया, विवेक चौधरी, मीडिया प्रभारी अंकित आर्य, महासचिव अंकुश आर्य और सचिव देवेश आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
समिति ने पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए शोभायात्रा को सफल, शांतिपूर्ण और गरिमामय बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।



