बरेली में गन्ने के खेत में मिला 62 वर्षीय महिला का शव, एक दिन पहले महिला गई थी बाजार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय महिला का शव गांव के बाहर गन्ने के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। महिला एक दिन पहले घर से स्थानीय बाजार में सामान खरीदने गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। अगले दिन उनका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।मृतका की पहचान नरायना देवी (62) के रूप में हुई है। वह क्योलड़िया थाना क्षेत्र के तिगरी गांव की रहने वाली थीं। उनके बेटे तेजपाल पुत्र लालाराम ने 21 अक्टूबर 2026 को थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

 

उन्होंने बताया कि उनकी मां 20 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे स्थानीय बाजार में सामान खरीदने गई थीं। इसके बाद उनका शव गांव के बाहर गन्ने के खेत में मिला।सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फोटो में सीओ नीलेश मिश्र

सीओ नीलेश मिश्र ने बताया कि सूचना मिलने के तत्काल बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। शव के प्राथमिक निरीक्षण में शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं दिखाई दी। महिला की मौत का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सीओ के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment