नकली सोने के आभूषण बेचकर ढाई लाख की ठगी, अलापुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 बदायूं। अलापुर थाना पुलिस ने कम कीमत में 18 कैरेट सोना बेचने का झांसा देकर नकली आभूषण बेचने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक महिला को करीब ढाई लाख रुपये के नकली सोने के आभूषण बेच दिए थे। शिकायत मिलने के बाद जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नकली आभूषण और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार कस्बा सखानू निवासी उवैश पुत्र नाजिम की अलापुर में कपड़े की दुकान है। शिकायतकर्ता महिला अक्सर उसकी दुकान पर कपड़े खरीदने जाती थी। आरोप है कि उवैश ने महिला को बताया कि उसकी मां बीमार है और उसे पैसों की जरूरत है। इसी का हवाला देकर उसने 18 कैरेट सोने के आभूषण बाजार से कम कीमत पर बेचने का प्रस्ताव दिया।

महिला उसके झांसे में आ गई और तीन अलग-अलग बार में करीब 2.50 लाख रुपये देकर बुंदे, अंगूठियां, बालियां और अन्य आभूषण खरीद लिए। महिला ने जब आभूषणों की रसीद मांगी तो आरोपी ने बाद में देने की बात कही।

बाद में महिला ने जब आभूषण सुनार से जांच कराए तो उनके नकली होने की जानकारी हुई। इसके बाद महिला ने आरोपी से आभूषण वापस लेकर रकम लौटाने को कहा। आरोप है कि इस दौरान उवैश और उसके दो भाइयों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला की तहरीर पर अलापुर थाने में मु0अ0सं0 242/26, धारा 318(1), 318(4), 349 और 338 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नखासा बाजार के किनारे रोड से आरोपी उवैश को सुबह 11:55 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक हार, तीन पीली धातु की अंगूठियां और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। थाना प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट के सामने पेश किया है।

यह कार्रवाई थानाध्यक्ष सनी चौधरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार, कांस्टेबल पराग चौधरी, देवेंद्र कुमार और राहुल चौधरी की टीम ने की।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment