बरेली। भाजपा से दूरी बनाने के संकेत दे चुके पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने पार्टी के भीतर अपने विरोधियों को लेकर नाराजगी जताई। धर्मेंद्र कश्यप का कहना है कि चुनाव में जिन लोगों ने उनके खिलाफ खुलकर मोर्चा लिया था, आज वही लोग पार्टी की अग्रिम पंक्ति में नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ऐसे लोगों के खिलाफ पार्टी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती तो फिर उनके जैसे व्यक्ति का पार्टी को ‘टाटा-बाय-बाय’ कहना स्वाभाविक है।

धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि उन्होंने 2024 में चुनाव लड़ा था और उस दौरान कुछ लोगों ने खुलकर उनकी खिलाफत की। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों को पार्टी में आगे बैठते देखना स्वाभाविक रूप से कष्ट देता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि पार्टी न तो ऐसे लोगों पर कार्रवाई करती है और न ही इस मामले पर चिंता व्यक्त करती है तो उनके पास अलग रास्ता चुनने के अलावा विकल्प नहीं बचता।
भाजपा से आगे की दूरी का संकेत उन्होंने शायराना अंदाज में भी दिया। उन्होंने कहा, “जब से चला हूं मंजिल पर मेरी निगाहें, कभी मील का पत्थर नहीं देखा।” जब उनसे पूछा गया कि उनके यहां भाजपा के पोस्टर नजर नहीं आ रहे हैं और क्या राजनीतिक रास्ता बदलने वाला है, तो उन्होंने दो टूक कहा, “निश्चित ही मानिए।”
समर्थकों से राय लेकर होगा फैसला
अगले राजनीतिक कदम को लेकर धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि वह जल्द ही अपने समर्थकों की बैठक बुलाएंगे। उनका कहना है कि उनके समर्थक सिर्फ लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे मंडल और जनपद में मौजूद हैं। बैठक में समर्थकों की राय लेने के बाद ही वह आगे की रणनीति तय करेंगे।
सपा के सवाल पर मुस्कुराए धर्मेंद्र कश्यप
समाजवादी पार्टी में जाने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मेंद्र कश्यप ने कोई सीधा ऐलान नहीं किया, लेकिन मुस्कुराते हुए कहा, “बहुत जल्दी आपके सामने आ जाएगा।” अखिलेश यादव के साथ जाने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला समर्थकों की राय के आधार पर होगा।
राज्यसभा की चर्चा पर बोले- कोई मतलब नहीं
राज्यसभा टिकट नहीं मिलने की चर्चाओं को धर्मेंद्र कश्यप ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा से अपना कोई मतलब ही नहीं है।वहीं बेटे को राजनीति में लाने और उसके लिए टिकट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा, “मिलेगा, जहां से चाहेंगे वहां से मिलेगा।” जब उनसे पूछा गया कि पार्टी कोई भी हो सकती है, तो उन्होंने कहा कि यह भी समर्थकों की बैठक में तय होगा।
धर्मेंद्र कश्यप के लगातार सामने आ रहे इन बयानों से उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि उन्होंने अभी किसी दल में शामिल होने की औपचारिक घोषणा नहीं की है। उन्होंने इतना जरूर स्पष्ट किया है कि समर्थकों की बैठक के बाद ही अपनी अगली राजनीतिक दिशा का ऐलान करेंगे।




