पैसों के विवाद में भाजपा नेता की चाकू से हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार; तीन पुलिस टीमें तलाश में जुटीं

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बरेली में पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाजपा नेता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक का फाइल फोटो

घटना सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ चौकी इलाके में मांझे वाली बगिया और वंशी नगला गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय सचिन कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन भाजपा ओबीसी मोर्चा के मढ़ीनाथ मंडल में उपाध्यक्ष थे।

पुलिस के मुताबिक, सचिन का अपने ही मोहल्ले में रहने वाले मोहित उर्फ बाबू से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया और आरोप है कि मोहित उर्फ बाबू ने सचिन के सीने पर चाकू से हमला कर दिया।

चाकू लगने से सचिन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन और आसपास के लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले भी सचिन और आरोपियों के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। हालांकि, विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ और दोबारा पैसों को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

वारदात के बाद मोहित उर्फ बाबू, अमित और आशीष मौर्य समेत अन्य आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ नितिन कुमार के मुताबिक मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज