धनेटा फाटक के पास ट्रैक पर बैठी मिली महिला, सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला भावुक होकर रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई। धनेटा फाटक के पास महिला को ट्रैक पर बैठा देखकर रेलवे कर्मचारियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और महिला को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटाकर थाने ले आई।
फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि धनेटा फाटक के पास एक महिला रेलवे ट्रैक पर बैठी है। मामला गंभीर होने की आशंका को देखते हुए पास में ड्यूटी कर रही पुलिस पिकेट को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाकर ट्रैक से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसका पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी वजह से वह नाराज होकर घर से निकल आई थी और रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला के मोबाइल से उसके पति का नंबर लेकर उनसे संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों पति-पत्नी से बातचीत की और उनकी काउंसलिंग की। पुलिस ने दोनों को विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने और आवेश में कोई गलत कदम न उठाने की समझाइश दी। काउंसलिंग के बाद महिला अपने पति के साथ घर चली गई।
रेलवे कर्मचारियों की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित हादसा टल गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और किसी भी परेशानी में परिजनों या पुलिस की सहायता लें।



