बरेली। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बरेली कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों के सदस्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

डीएम ने कहा कि आज देश जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसके पीछे स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज देश में सुई से लेकर सैटेलाइट तक का निर्माण हो रहा है और आर्थिक, सामाजिक, आध्यात्मिक तथा सामरिक क्षेत्रों में भारत की पहचान मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को अपने मतभेद भुलाकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लेना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को कोई भी कार्य करने से पहले यह विचार करना चाहिए कि उसका प्रभाव देश के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा पर क्या पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए, जिससे राष्ट्र की छवि किसी भी स्तर पर धूमिल हो।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ एकजुट होकर देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और विश्वगुरु बनाने के लक्ष्य में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में एडीएम सिटी, एडीएम एफआर, एडीएम प्रशासन, सभी एसीएम, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्ट्रेट की सुरक्षा में सजगता पर एलआईयू कर्मी अमित कुमार सम्मानित
मस्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा और अपने दायित्वों के प्रति सजगता दिखाने वाले एलआईयू में तैनात अमित कुमार को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। डीएम ने अमित कुमार की कर्तव्यनिष्ठा, लगन और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से कई अप्रिय घटनाओं को समय रहते रोका जा सका।

अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाली घटनाओं की जानकारी समय पर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के साथ ही संभावित घटनाओं को पहले ही रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हाल के दिनों में उन्होंने कलेक्ट्रेट के आसपास आत्मदाह के कई प्रयासों को न केवल विफल किया, बल्कि संबंधित लोगों की काउंसिलिंग कर उन्हें समझाने का भी प्रयास किया।
डीएम अविनाश सिंह ने सम्मान के दौरान अमित कुमार की कार्य के प्रति सजगता और जिम्मेदारी को सराहा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ आमजन की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाती है। वहीं अमित कुमार ने बताया कि वह कुछ ही महीनों में 11 लोगों के जीवन को सुरक्षित में सफल रहे है।



