टीटीई को देखकर चलती ट्रेन से कूदा पूरा परिवार, जनरल टिकट पर रिजर्वेशन कोच में चढ़ना पड़ा भारी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

बरेली जंक्शन पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जनरल टिकट लेकर रिजर्वेशन कोच में सवार एक परिवार के सात सदस्यों ने टीटीई को देखकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि स्टेशन पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार निरंजन अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ बरेली से बिहार जाने के लिए अवध-असम एक्सप्रेस में सवार हुआ था। परिवार के पास जनरल टिकट था, इसके बावजूद वे रिजर्वेशन कोच में चढ़ गए। ट्रेन के चलने के बाद टिकट चेक करने के लिए टीटीई को आते देख परिवार के लोग घबरा गए।

बताया जा रहा है कि टीटीई से बचने के प्रयास में परिवार के सभी सदस्य चलती ट्रेन से नीचे कूद गए। घटना बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास हुई। अचानक यात्रियों के ट्रेन से कूदने की घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी के जवान तुरंत सक्रिय हुए और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। सुरक्षा बलों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे सुरक्षा बल ने परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली। यात्रियों से अपील की गई है कि वे टिकट के अनुसार निर्धारित कोच में ही सफर करें और चलती ट्रेन से उतरने या कूदने जैसा जोखिम न उठाएं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment