बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। जटऊ पट्टी गांव के पास हुए हादसे में बस में सवार 31 बच्चों में से 13 घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि बस सुबह करीब 6:30 बजे बच्चों को लेकर न्यू इंग्लैंड स्कूल जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायल बच्चों को राममूर्ति मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने छह बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बस की हालत काफी समय से खराब थी और शिकायतों के बावजूद बच्चों को इसी बस से स्कूल भेजा जा रहा था।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



