आंवला हादसे में दो मौतों से मचा कोहराम, ऑटो चालक आसिफ और 12 वर्षीय बच्ची ने गंवाई जान

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऑटो के पलटने से हुए हादसे में घायल 12 वर्षीय बच्ची ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में मौके पर जान गंवाने वाले ऑटो चालक की पहचान आसिफ निवासी आंवला

के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।

 

मंगलवार को आंवला क्षेत्र मे हुई घटना का फाइल फोटो

थाना प्रभारी आंवला ने बताया कि मृतकों में ऑटो चालक आसिफ और किटोना गांव निवासी राजीव की 12 वर्षीय बेटी गुंजन शामिल हैं। दोनों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

बताया गया कि मंगलवार शाम रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऑटो की भिड़ंत के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट गए थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग गुलड़िया मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑटो को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। घायलों में बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें तुलसी, राजकुमार, रुपेश, जयप्रकाश, छोटी, अनिल, ऋषिपाल, राजेश्वरी, अखिलेश, टिंकू, सारिका, अनिल वर्मा, मनीष वर्मा, दिव्यांश, स्वाती, नवल, अनूप, लौंगश्री, वीरेंद्र, नन्ही, नितिन, सौरव और जादव समेत अन्य लोग बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार किटोना गांव निवासी जगतपाल पुत्र सुखलाल कई लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से हरिद्वार जल लेने गए थे। वापसी के दौरान रामनगर के पास यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

शुरुआत में ऑटो चालक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। बाद में उसकी पहचान आंवला निवासी आसिफ के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment