बरेली। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर गार्डन में किन्नर के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिम संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उनकी गिरफ्तारी की।

बताया जा रहा है कि किन्नर मन्नू सूरी को जानकारी मिली थी कि उसके मुंह बोले भाई की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। इसी मामले की जानकारी करने के लिए वह रामपुर गार्डन स्थित जिम पहुंची थी। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद कुछ लोगों ने मन्नू सूरी के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
बरेली पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल किन्नर के साथ मारपीट के वीडियो के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा अपराध संख्या 381/2026 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(2) में मामला पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी अश्वनी शर्मा पुत्र विनोद कुमार और बारादरी थाना क्षेत्र के कटरा चांद खां निवासी सुशील कुमार पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



