बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सेवा के लिए मीरगंज के कुल्छा खुर्द में कांवड़ सहायता एवं सेवा शिविर शुरू किया गया। रविवार को विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली और स्वयं भंडारे में भोजन परोसा।

राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के किनारे कुल्छा खुर्द में तहसील प्रशासन की ओर से स्थापित किए गए इस शिविर का उद्देश्य यात्रा के दौरान कांवड़ियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के साथ हुई। एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार और नायब तहसीलदार सिमरन मैथानिया ने विधिवत पूजा कर क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
शिविर पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों का अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। विधायक डॉ. डीसी वर्मा और एसडीएम निधि शुक्ला ने कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनसे यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए प्राथमिक उपचार किट भी वितरित की गईं। इसके अलावा कांवड़ियों के ठहरने के लिए विश्राम स्थल, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
एनएच-24 पर बनाए गए स्वागत द्वार से गुजरने वाले कांवड़ यात्रियों का लगातार स्वागत किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की निगरानी भी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की टीम मिलकर यह सुनिश्चित कर रही है कि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं मिलें और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम तरीके से पूरी हो।



