बरेली। भोजीपुरा में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रैक्टर बंद रेलवे क्रॉसिंग का बैरियर तोड़कर अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। इसी दौरान ट्रैक से गुजर रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में ट्रैक्टर आ गया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना भोजीपुरा के दियोहरिया रेलवे फाटक संख्या 288C की है। बताया गया कि रविवार दोपहर करीब 12:35 बजे ट्रेन संख्या 15009 गोरखपुर से इज्जतनगर की ओर जा रही थी। ट्रेन के गुजरने के दौरान रेलवे फाटक पहले से बंद था। इसी बीच एक ट्रैक्टर चालक ने बैरियर तोड़ दिया और वाहन को रेलवे ट्रैक पर ले आया।
ट्रैक पर अचानक ट्रैक्टर दिखाई देने से रेलवे कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। उस समय ट्रेन की कई बोगियां फाटक से निकलना बाकी थीं। ट्रैक्टर और ट्रेन के बीच टक्कर हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केबिन मैन गौरव सक्सेना ने तत्काल सतर्कता दिखाई और ट्रेन को नियंत्रित कर रोकने की कार्रवाई की। इससे दुर्घटना को बड़ा रूप लेने से रोक लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इज्जतनगर मंडल के पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि ट्रेन संख्या 15009 भोजीपुरा क्रॉस कर रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर बैरियर तोड़कर रेलवे लाइन पर आ गया और ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि घटना में फिलहाल किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।



