बरेली। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए ईशान ग्वाल को सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो का प्रदेशाध्यक्ष चुना है। उनके चयन के बाद खेल जगत में नई उम्मीदें जगी हैं। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के ताइक्वांडो खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मजबूत मंच मिलेगा।

ईशान ग्वाल ने नई जिम्मेदारी संभालने के बाद कहा कि उनके लिए यह पद सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उनके पिता एवं फरीदपुर के दिवंगत विधायक स्वर्गीय श्याम बिहारी ग्वाल ने हमेशा खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता दी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। अब वह उसी विरासत और सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों के विकास के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ताइक्वांडो के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन संसाधनों, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन की कमी के कारण उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। एसोसिएशन का प्रयास रहेगा कि खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
ईशान ग्वाल ने बताया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश में ताइक्वांडो के विकास, प्रशिक्षण केंद्रों के विस्तार, खिलाड़ियों के लिए सरकारी सहयोग और खेल सुविधाओं को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने ईशान ग्वाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि युवा नेतृत्व के साथ उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो को नई गति मिलेगी और प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। यह नियुक्ति प्रदेश में ताइक्वांडो के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




