रेलवे बोर्ड में गूंजी आंवला की आवाज: सांसद नीरज मौर्य ने रखीं रेल सुविधाओं से जुड़ी बड़ी मांगें

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। रेलवे बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने रेलवे बोर्ड को विस्तृत मांगपत्र सौंपते हुए रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की मांग की।

सांसद ने बिशारतगंज, आंवला और रेवती बहोड़ा खेड़ा रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही बरेली–भुज (आला हजरत) एक्सप्रेस में एसी प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अतिरिक्त कोच जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने भमोरा–आंवला और अखा–गैनी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण को यातायात और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जरूरी बताया।

बैठक में सांसद ने स्टेशन परिसरों में टिन शेड, बाउंड्री वॉल, शुद्ध पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग प्रतीक्षालय, कुलियों के बैठने की व्यवस्था, रेलवे की खाली भूमि का जनहित में उपयोग, महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ की नियमित तैनाती और इज्जतनगर मंडल चिकित्सालय में पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग भी प्रमुखता से उठाई।

इसके अलावा उन्होंने शाहजहांपुर–मुंबई नई रेल सेवा, शाहजहांपुर–फर्रुखाबाद रेल लाइन का संचालन, मथुरा के लिए दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन, मैलानी–लखनऊ रेल सेवा की पुनर्बहाली, बरेली जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार और किला पुल के नीचे रेलवे अंडरपास के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि यदि इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलती है तो आंवला संसदीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे बरेली मंडल के लाखों रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज