बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक नर्स ने अस्पताल संचालक के बेटे पर नौकरी का लालच देकर यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पीड़िता के अनुसार, वह पहले आरोपी के पिता के अस्पताल में कार्यरत थी। नौकरी छोड़ने के कुछ समय बाद आरोपी फहीम अली ने अपनी टायर फैक्ट्री में अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी बहाने वह उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाता रहा।
महिला का आरोप है कि प्रेमनगर के एक होटल में आरोपी ने अपनी पत्नी की पहचान संबंधी दस्तावेज का इस्तेमाल कर कमरा लिया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा और कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे मीरगंज समेत अन्य स्थानों पर भी ले गया और नौकरी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा।मामले की शिकायत मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फहीम अली पुत्र फैयाज अली को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने और विवेचना की कार्रवाई कर रही है।




