बरेली। बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पूर्व परिचित युवक पर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी से पहले की निजी तस्वीरें और चैट वायरल करने तथा पति को भेजने की धमकी देकर उसे मानसिक दबाव में रखा। इसके बाद उसे उत्तराखंड के किच्छा स्थित एक होटल में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय विवाहिता ने 3 जुलाई को दर्ज कराई गई शिकायत में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के एक 26 वर्षीय युवक को नामजद किया है। महिला ने बताया कि विवाह से पहले दोनों के बीच परिचय था। करीब तीन माह पहले उसकी शादी हो चुकी है।
शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद भी आरोपी लगातार उससे संपर्क करने और पीछा करने की कोशिश करता रहा। आरोप है कि उसने विवाह से पहले की निजी तस्वीरें और व्हाट्सएप चैट पति को भेजने तथा बदनाम करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बनाया।
इसी दबाव में वह उसे उत्तराखंड के किच्छा स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसके व्यवहार में आए बदलाव पर पति को संदेह हुआ। इसके बाद उसने पूरी घटना अपने पति को बताई और फिर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
बहेड़ी कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का यह है कहना
बहेड़ी इंस्पेक्टर क्राइम रविन्द्र नैन,ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है इस प्रकरण में जांच चल रही है जांच के बाद आगे की कारवाही की जाएगी




