बरेली में बढ़ती गर्मी पर ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी का प्रदर्शन, डीएम से की तत्काल प्याऊ व्यवस्था की मांग

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को राहत दिलाने की मांग को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी बरेली को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थलों पर तत्काल प्याऊ स्थापित कराने की मांग उठाई।

 

पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री मुख्तार अहमद ने कहा कि पिछले सप्ताह भी संगठन की ओर से गर्मी के मद्देनजर प्याऊ व्यवस्था शुरू कराने के लिए ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है, जिससे राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, यात्रियों और बाजारों में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षी भी पानी की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख स्थानों पर स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था कराना समय की मांग है। उनका कहना था कि यदि प्रशासन समय रहते प्याऊ स्थापित कर देता है तो हजारों लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है और लू से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर भी काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।

मुख्तार अहमद ने कहा कि पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि शहर के सभी प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अविलंब प्याऊ लगाए जाएं तथा गर्मी के पूरे मौसम में उनकी नियमित निगरानी और संचालन भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी हमेशा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर भी शीघ्र संज्ञान लेने और जनहित में तत्काल प्रभाव से प्याऊ व्यवस्था शुरू कराने की मांग की गई, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment