बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में युवक अर्जुन मौर्य की हत्या से नाराज परिजनों ने स्थानीय लोगों ने मंगलवार को चौपला रोड स्थित पीएम हाउस के सामने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ बुल्डोजर कार्रवाई के साथ एनकाउंटर मांग की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के मुताबिक संजय नगर स्थित गोसाई गोटिया निवासी अर्जुन मौर्य डीजे संचालन का कार्य करता था। सोमवार देर रात वह काम समाप्त कर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और विवाद के दौरान गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया ।मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हो रही है, जिससे परिवार में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मृतक के पिता राकेश मौर्य की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।मंगलवार को अर्जुन मौर्या की पोस्टमार्टम कार्रवाई के दौरान घटना को लेकर आक्रोश फूट गया, और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। काफी देर तक चले जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक, सिटी मजिस्ट्रेट और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें मामले में निष्पक्ष जांच तथा त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया गया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। एहतियात के तौर पर पीएम हाउस पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।




