बरेली। बहेड़ी पुलिस ने बाइक और मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 4 जून को उदेलापुर निवासी वीरपाल अपनी ससुराल से लौट रहे थे। मिन्नतपुर गांव के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए दो टीमों को लगाया गया था।
लगातार तलाश के दौरान 13 जून की रात देवीपुरा बाजार के पास पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई। पुलिस का कहना है कि घिरता देख दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करन मौर्य के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी ओमकार गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि पहचान छिपाने के लिए लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट भी हटा दी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट, पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है।




