बरेली। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रविवार को एक मीडिया हाउस द्वारा 300 बेड अस्पताल, शाहमतगंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आए।
बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन (रजि.) के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने भी रक्तदान कर समाज को मानव सेवा का संदेश दिया। फेडरेशन के जिला सचिव नदीम खान ने बताया कि रक्तदान महादान है। इससे न केवल जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है और नई ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।शिविर में बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष नदीम इकबाल के नेतृत्व में आलम सिद्दीकी, अमित चौहान, असद बेग, मोना श्रीवास्तव, नदीम खान, सोनू कश्यप, फैजान खान और चुनमुन यादव सहित कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
आयोजकों ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।




