बरेली। उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने शनिवार को बरेली पहुंचकर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ काम करते हुए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने दावा किया कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद महंगाई को नियंत्रित रखने में सफलता मिली है। साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, जीएसटी व्यवस्था को लागू करना और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करना शामिल है। सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका व्यापक लाभ लोगों को मिला है।उत्तर प्रदेश के विकास पर चर्चा करते हुए जेपीएस राठौर ने कहा कि प्रदेश अब पिछड़े राज्यों की श्रेणी से बाहर निकलकर तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। सड़क, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम हुआ है। बरेली में भी नाथ कॉरिडोर, अटल आवासीय योजना समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत बरेली जिले में करीब 12 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे हजारों परिवारों को इलाज की सुविधा मिली है। इसके अलावा बहेड़ी और नवाबगंज क्षेत्र में भी कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। नवाबगंज में प्रस्तावित 133 एकड़ क्षेत्र की विकास योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में एक ही दल की सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के कारण योजनाओं का लाभ पहले की तुलना में अधिक तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान जेपीएस राठौर ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर के साथ-साथ तकदीर भी बदली है। उन्होंने कहा कि भारत आज सुरक्षा के मोर्चे पर पहले से अधिक मजबूत हुआ है और आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं।




