बहेड़ी। आंधी-तूफान के बाद लोगों के घरों में फिर से रोशनी पहुंचाने की कोशिश कर रहे एक युवा विद्युत कर्मी की जिंदगी हमेशा के लिए अंधेरे में खो गई। हरसूनगला गांव में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से 24 वर्षीय लाइनमैन इरफान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार भैंसेया गांव निवासी इरफान पुत्र आजाद नबी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए खंभे पर चढ़कर लाइन की खराबी दूर कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। तेज झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह खंभे से नीचे गिर पड़े। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। इरफान की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। अभी वैवाहिक जीवन की खुशियां पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई थीं कि यह हादसा परिवार की दुनिया उजाड़ गया।
ग्रामीणों के मुताबिक इरफान मेहनती, ईमानदार और मददगार स्वभाव के युवक थे। वह हर किसी के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे, जिसके कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना पर पहुंची बहेड़ी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजन और ग्रामीण हादसे की निष्पक्ष जांच तथा मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं।




