बरेली, बहेड़ी। थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव गोटिया संतोष स्थित सरकारी गौशाला में दर्दनाक हादसा हो गया। चारा काटने की मशीन में करंट उतर आने से 32 वर्षीय कर्मचारी राहुल पुत्र मेवाराम की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राहुल पिछले करीब 5 वर्षों से गौशाला में कार्यरत था। मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे वह मशीन से पशुओं का चारा काट रहा था, तभी अचानक मशीन में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी जसोदा देवी और दो छोटे बच्चे हैं। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बहेड़ी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




