बरेली। आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में योग सप्ताह के सफल आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 15 जून से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह मनाया जाएगा। 15 जून को अर्बन हाट में योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके लिए नगर आयुक्त से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 21 जून को होने वाले मुख्य योग कार्यक्रम के लिए बरेली कॉलेज या स्पोर्ट्स स्टेडियम में उपयुक्त स्थल चयन करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योग कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, विकास खंड, नगर निकाय, विद्यालयों, कॉलेजों, आयुर्वेदिक संस्थानों, कारागारों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायत स्तर तक माइक्रो प्लान तैयार किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिदिन मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से योगाभ्यास कराया जाए और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया कि योग कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागी अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें।बैठक में क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी अमर पाल सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, योग संस्थान के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




