नीट पेपर लीक पर भूपेंद्र चौधरी का बड़ा बयान, बोले- दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी जिसे ताउम्र याद रखेंगे

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने शनिवार को बरेली के सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नीट पेपर लीक मामले, विपक्ष की राजनीति और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने पर दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी जिसे वे ताउम्र याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

विपक्ष की ओर से भाजपा को लेकर इस्तेमाल किए गए ‘कॉकरोच पार्टी’ शब्द पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां नकारात्मक राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि जनता विकास और जनहित के मुद्दों को समझती है तथा ऐसे बयानों से भ्रमित होने वाली नहीं है। मंत्री ने दावा किया कि सरकार पिछले 12 वर्षों से लगातार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर ऊर्जा क्षेत्र पर पड़ा है। कई देशों में ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है और यह केवल भारत की नहीं बल्कि वैश्विक समस्या है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ऊर्जा आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में हालात बेहतर होंगे और इस समस्या का समाधान निकल जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज