बरेली। नाबल्टी चौराहे पर समाजवादी महिला सभा ने बुधवार को अनोखे अंदाज में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। बढ़ती महंगाई, महिला असुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच मेलोडी बांटते हुए विरोध दर्ज कराया।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता और महानगर अध्यक्ष सरताज गजल अंसारी ने किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर उतरीं और सरकार विरोधी नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने एक सुर में “मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ”, “मेलोडी खाओ, पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें भूल जाओ” और “मेलोडी खाओ, नौकरियां भूल जाओ” जैसे नारे लगाए। इन नारों ने राहगीरों और बाजार में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
महिला कार्यकर्ताओं ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को मेलोडी वितरित करते हुए कहा कि जिस तरह मेलोडी की मिठास लोगों को पसंद आती है, उसी तरह जनता भी अपने जीवन में राहत और खुशहाली चाहती है। लेकिन महंगाई और बेरोजगारी ने आम आदमी की जिंदगी की मिठास छीन ली है।
जिलाध्यक्ष स्मिता ने कहा कि गैस सिलेंडर, बिजली, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं सरताज गजल अंसारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
प्रदर्शन में भारती चौहान, समयून खान, जैनब फातिमा, शशि चन्द्रा, ममता सागर, निष्ठा पटेल, मंजू यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।




