बरेली के आंवला क्षेत्र में मनौना धाम से अगवा किए गए डेढ़ वर्षीय मासूम को बेचने की साजिश पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दी। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया।
घटना 24 मई की है, जब मनौना धाम परिसर में रहने वाले सफाई कर्मी रमन का डेढ़ साल का बेटा खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपहरण का मुकदमा दर्ज कर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमें जांच में लगा दीं।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डाटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को दो संदिग्धों की जानकारी मिली। मंगलवार देर रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी बच्चे को दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में हैं और बाइक से फुलासी तिराहे की ओर बढ़ रहे हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगे। इसी दौरान बाइक फिसल गई और मासूम झाड़ियों में गिर गया। पुलिस ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।

पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश कन्नौजिया और पवन चंदेल के रूप में हुई है। मौके से अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई है।
एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा ने बताया कि बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हालांकि दोनों बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए है। घटना में एक सिपाही भी घायल हुआ है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।




