बरेली। सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए Art of Giving संस्था ने सैटेलाइट बस स्टैंड के आसपास स्थित स्लम क्षेत्र में विशेष राहत एवं सहायता अभियान चलाया। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों को भोजन पैकेट, सैनिटरी पैड और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी RRR (Reduce, Reuse, Recycle) सामग्री वितरित की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने के साथ महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। संस्था की ओर से महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए और उन्हें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

यह सेवा अभियान संस्था के संस्थापक एवं KIIT University के संस्थापक Dr. Achyuta Samanta के सेवा, सहयोग और मानवता के संदेश से प्रेरित होकर आयोजित किया गया। संस्था का कहना है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना ही सच्ची सेवा है।
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक अनमता जावेद और जिला समन्वयक गौरव आर्य ने कहा कि संस्था लगातार समाज के वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगे भी इसी तरह के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े अभियान जारी रखे जाएंगे।
इस अभियान को सफल बनाने में विपुल, अपूर्व, श्याम सिंह, अर्पण, आदिशा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने संस्था की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



