बरेली। श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में शनिदेव की स्थापना के बाद पहली बार मनाई गई शनि जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। शनिवार को सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस विशेष अवसर पर शनिदेव का आकर्षक शृंगार कर भव्य दरबार सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पूजन और महाअभिषेक
शनि जयंती के पावन अवसर पर मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक और आचार्य महेश चन्द शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन संपन्न कराया। मुख्य यजमान दक्ष शर्मा पाराशरी और सहयजमान साक्षी-संजय आयलानी, अंकुर गुप्ता तथा सोमनाथ गुप्ता ने विधि-विधान से शनिदेव का पूजन, हवन और महाअभिषेक किया। मध्याह्न आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय शनिदेव” के जयकारों से गूंज उठा।
ई-रिक्शा से पहुंचे मंत्री, किए शनिदेव के दर्शन
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार भी ई-रिक्शा से मंदिर पहुंचे और शनिदेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भक्तों के साथ प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मध्याह्न आरती के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मुख्य यजमान दक्ष शर्मा पाराशरी की ओर से आयोजित इस भंडारे में दोपहर 1 बजे से प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।

11 किलो मावा केक बना आकर्षण का केंद्र
शाम के समय शनि जयंती समारोह में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। भक्त पंकज राजपूत द्वारा शनिदेव के जन्मोत्सव पर 11 किलो का विशेष मावा केक मंदिर लाया गया। शाम की आरती के बाद केक काटकर बेहद अनूठे अंदाज में शनिदेव का जन्मोत्सव मनाया गया। यह दृश्य श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।
भक्तों और सेवादारों ने संभाली व्यवस्थाएं
पूरे आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय भक्तों और सेवादारों का विशेष योगदान रहा। संजय आयलानी, सौरभ अग्रवाल, अंकुर गुप्ता, सुभाष पाल, नीरू कक्कड़, सुभाष अरोरा, अनुपम टीबड़ेबाल, इन्द्रदेव त्रिवेदी, विशाल शर्मा, रामबहादुर प्रजापति, इन्द्रेश, महेंद्र कातिब, गुरमंगत समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पत्रकार आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया।



