खेत में मिली स्कूल ड्रेस पहने युवती की लाश, बड़े बाईपास के पास वारदात से दहशत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार  उस समय सनसनी फैल गई, जब बड़े बाईपास से सटे खना गोटिया गांव के एक खेत में स्कूल ड्रेस पहने युवती का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। युवती की पहचान न होने से मामला और भी रहस्यमय बन गया है।

स्थानीय लोगों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सीबीगंज पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। युवती की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की हालत और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मानुष पारिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और थाना प्रभारी सीबीगंज को मामले की गहराई से जांच कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।गौरतलब है कि इससे पहले भी बड़े बाईपास क्षेत्र में एक युवती का शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।

इंस्पेक्टर सीबीगंज के मुताबिक खना गोटिया गांव के खेत से युवती का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज