बरेली की छात्रा मानवी पटेल ने पारंपरिक पढ़ाई के तरीकों से हटकर अपनी अलग रणनीति अपनाई और उसी के दम पर सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। चिक्कर इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा मानवी ने 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

मानवी बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक हरेंद्र सिंह (रानू) और शिक्षिका रश्मि कटोरिया की बेटी हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने पढ़ाई को बोझ बनाने के बजाय उसे योजनाबद्ध तरीके से किया। मानवी हर विषय को लगातार पांच दिन तक पढ़ती थीं, जिससे उस विषय की गहराई तक समझ विकसित हो सके।
खास बात यह रही कि उन्होंने परीक्षा के दौरान खुद को सोशल मीडिया से पूरी तरह अलग नहीं किया। मानवी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े शैक्षणिक कंटेंट नियमित देखती रहीं। उनका मानना है कि सोशल मीडिया का सही उपयोग पढ़ाई में मददगार साबित हो सकता है।
मानवी ने बताया कि उनके माता-पिता ने कभी पढ़ाई का दबाव नहीं बनाया। वह अपनी सुविधा और लक्ष्य के अनुसार रोजाना सात से आठ घंटे पढ़ाई करती थीं। सेल्फ स्टडी, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को उन्होंने अपनी सफलता का सबसे बड़ा आधार बताया।
मानवी को शुरुआत से ही भरोसा था कि उनका प्रदर्शन शानदार रहेगा। परिणाम घोषित होने से पहले ही उन्हें टॉप रैंक मिलने की उम्मीद थी। उनकी इस सफलता से स्कूल, परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।




