बरेली के फरीदपुर इलाके में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। जांच में नेपाली सिम कार्ड, करोड़ों रुपये के बैंक लेनदेन और हवाला कनेक्शन जैसी कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि रोडवेज बस स्टैंड के आसपास कुछ लोग मोबाइल और ऑनलाइन ऐप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में छापा मारा। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमेन्द्र यादव के रूप में हुई है। उसके पास से आईफोन, 10 हजार रुपये नकद, नेपाली मोबाइल सिम, कई एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि आरोपी लंबे समय से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
एसपी ग्रामीण दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपी का संबंध हवाला कारोबार से भी जुड़ा मिला है। पुलिस जांच में उसके बैंक खातों से करीब सात करोड़ रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। आरोपी के खाते में मौजूद पांच लाख रुपये फिलहाल सीज कर दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर था, लेकिन कोरोना काल में नौकरी जाने के बाद वह अवैध कारोबार में उतर गया। बताया जा रहा है कि इस धंधे से कमाई गई रकम से उसने कई बड़े निवेश भी किए। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




