NH पर बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित थाई मैगुर मछली से भरा ट्रक पकड़ा, तस्कर फरार

SHARE:

फतेहगंज पश्चिमी (बरेली):मत्स्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित थाई मैगुर (अफ्रीकन कैट फिश) से भरा एक ट्रक पकड़ लिया। यह कार्रवाई वहगुल  नदी के पुल के पास की गई। टीम का नेतृत्व बरेली मंडल की उप निदेशक गायत्री पांडेय शर्मा कर रही थीं।

गायत्री पांडेय ने बताया कि उन्हें एक गोपनीय सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से रामपुर-मुरादाबाद क्षेत्र में प्रतिबंधित मैगुर मछली की सप्लाई की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मत्स्य विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ट्रक का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक और तस्कर ट्रक को हाईवे किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गए।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 20 से 25 कुंतल प्रतिबंधित मछली और लगभग 6 लाख मछली के बच्चे (फिंगरलिंग) बरामद हुए। बरामद मछली की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। विभाग ने मछली के सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

 

मौके पर पहुंचे तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया गया है।

 

फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, लैब रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।
गौरतलब है कि थाई मैगुर, जिसे अफ्रीकन कैट फिश भी कहा जाता है, भारत में प्रतिबंधित है और इसकी तस्करी पर सख्त कार्रवाई के प्रावधान हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!