बरेली में पाम संडे का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग शामिल हुए और प्रभु यीशु के भजन गाते हुए श्रद्धा प्रकट की।

ईसाई धर्म के प्रमुख पर्व पाम संडे के अवसर पर बरेली शहर में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस मौके पर निकाले गए जुलूस में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी श्रद्धालु हाथों में खजूर की डालियां लिए हुए प्रभु यीशु के जयकारे लगाते और भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
जुलूस की शुरुआत सेल्वेशन आर्मी चर्च से की गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों कचहरी, चौकी चौराहा और पटेल चौक होते हुए हिंद टाकीज मार्ग से गुजरता हुआ सेंट्रल चर्च पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था।
जुलूस के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी की। आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया गया।इस अवसर पर समाज के लोगों ने एकजुटता और भाईचारे का संदेश दिया तथा बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट की।


