बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सास और साले की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी अफसर उर्फ बौरा का मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। (Bareilly encounter)सहारा ग्राउंड के पास पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई।

इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के आरोपी अफसर उर्फ बौरा के हौसले पहले से ही बुलंद बताए जा रहे हैं। (Izzatnagar)
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2009 में अपने ही मामा की हत्या के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हो चुकी थी। हालांकि जमानत पर बाहर आने के बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियां जारी रहीं। माना जा रहा है कि इसी आपराधिक पृष्ठभूमि के चलते उसने पति-पत्नी के विवाद में इतना बड़ा खौफनाक कदम उठा लिया।
संबंधित खबर को पढ़ें

सोमवार को गांव में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान अफसर उर्फ बौरा अचानक उग्र हो गया और उसने अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी और एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं। देर रात सूचना मिली कि आरोपी गांव में ही हथियार लेकर घूम रहा है और अपनी घायल पत्नी को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इसके बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे सहारा ग्राउंड के पास पुलिस और आरोपी आमने-सामने हो गए। पुलिस ने पहले उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसने इलाके में दहशत फैला दी थी। हालांकि बरेली पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।


