बरेली। बहेड़ी क्षेत्र के एक गन्ने के खेत में मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। खेत में काम कर रहे लोगों ने जैसे ही मगरमच्छ को देखा, वे डरकर तुरंत बाहर निकल आए और अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि यह घटना कस्बा लोधीपुर के नहर पार इलाके की है। यहां ईंट भट्टे के पास स्थित लालता प्रसाद के गन्ने के खेत में ग्रामीणों को एक बड़ा मगरमच्छ नजर आया। खबर फैलते ही आसपास के काफी लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने डायल 112, स्थानीय पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
मगरमच्छ को काबू में करना आसान नहीं था। काफी देर तक चली कोशिशों के बाद वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से उसे जाल में फंसाकर पकड़ लिया।इसके बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से वहां से हटाकर वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की, हालांकि घटना के दौरान इलाके में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा।



