बरेली। मौसम में बदलाव को देखते हुए जिले में डेंगू, मलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि इन बीमारियों से निपटने के लिए जनपद में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं और लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा।
सीएमओ ने कहा कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बारिश का पानी कहीं भी लंबे समय तक जमा न होने पाए, क्योंकि यही स्थान मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने बताया कि अभी से ही सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डेंगू और मलेरिया के मरीजों के उपचार के लिए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में इन बीमारियों के मामले सामने आते हैं, वहां विशेष निगरानी रखते हुए मैपिंग की जाएगी और बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। लोगों को मच्छरदानी के अधिक से अधिक उपयोग के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
सीएमओ ने जानकारी दी कि अप्रैल 2026 में जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी।इसके अलावा उन्होंने बताया कि जनपद में रेबीज से बचाव के लिए एआरवी वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अधोमानक और नकली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए भी प्रवर्तन अभियान जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।



