प्रवजन और अनंतिम प्रमाण पत्र शुल्क में 5 गुना वृद्धि पर छात्रों का हंगामा, डॉ. हृदेश यादव ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

बरेली। बरेली कॉलेज छात्रसंघ के महामंत्री एवं समाजवादी पार्टी छात्रसभा, बरेली के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. हृदेश यादव ने प्रवजन (Migration) और अनंतिम (Provisional Degree) प्रमाण पत्र के शुल्क में की गई भारी वृद्धि के विरोध में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा।

 


डॉ. हृदेश यादव ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले जहां प्रवजन प्रमाण पत्र का ऑफलाइन शुल्क 200 रुपये और अनंतिम प्रमाण पत्र का शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया था, वहीं अब इसे ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। उनका कहना है कि यह वृद्धि सीधे तौर पर छात्रों पर आर्थिक बोझ डालने वाली है और पूरे मंडल के हजारों विद्यार्थियों के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि कई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं, ऐसे में प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के लिए इतनी अधिक राशि वसूलना उचित नहीं है। यह फैसला छात्र हितों के विपरीत है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
डॉ. यादव ने मांग की कि शुल्क वृद्धि को तुरंत निरस्त किया जाए तथा छात्रों की सुविधा के लिए प्रमाण पत्र प्राप्त करने की ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों व्यवस्थाएं बहाल की जाएं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान करण, मुकेश, गजेंद्र कुर्मी, रवि पंडित, विक्रांतपाल, मंजीत, अनिकेत, अनुराग, संजय सहित कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज
error: Content is protected !!