बरेली। शहर में एक बार फिर सड़क पर निकली बारात ने यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया। सुरेश शर्मा नगर क्षेत्र में एक एंबुलेंस लंबे समय तक जाम में फंसी रही, जिससे गंभीर मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक खुलवाना पड़ा। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यदि किसी भी बारात या वैवाहिक आयोजन की वजह से सड़क जाम होता है और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बारातों के दौरान सड़क पर डांस, पटाखेबाजी और धीमी गति से जुलूस निकालने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यदि जाम बारात की वजह से लगता है, तो बैंड संचालक, दूल्हे के पिता और संबंधित बैंक्वेट हॉल या बारात घर संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू किया जाएगा। सड़क घेरकर आयोजन करना, लंबे समय तक यातायात रोकना या सार्वजनिक मार्ग बाधित करना स्वीकार्य नहीं होगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उत्सव के अवसर पर भी कानून और यातायात व्यवस्था का सम्मान करें, ताकि किसी मरीज या जरूरतमंद व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े।



