प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, 100 दिनों की कार्ययोजना का ऐलान

SHARE:

बरेली। कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का जन्मदिन बरेली में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए पार्टी की आगामी 100 दिनों की कार्ययोजना घोषित की गई और कांग्रेस के चुनावी शंखनाद का आगाज़ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से भाजपा सरकार द्वारा संविधान को कमजोर करने और बदलने के प्रयासों के खिलाफ देशहित में लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आगामी 100 दिनों में पूरे प्रदेश में 30 से अधिक संविधान संवाद महापंचायतें आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से योगी सरकार की विफलताओं को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 24 जनवरी से सीतापुर जिले से होगी, जिसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में यह अभियान व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए-1 सरकार ने 2 फरवरी 2006 को ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक नरेगा अधिनियम लागू किया था, जिसने करोड़ों गरीब परिवारों को रोजगार का अधिकार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट वचन है कि मनरेगा के तहत न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 2026 के एमएलसी चुनावों (स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद की 11 सीटों) में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से उतरेगी। इसके लिए मतदाता बनाने का अभियान तेज किया जाएगा और पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से लगाया जाएगा।

साथ ही पंचायत चुनावों के लिए पार्टी सृजन अभियान के तहत पूरी तैयारी कर चुकी है और इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी अकेले मैदान में उतरेगी।

महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने बताया कि एसआईआर से जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए पार्टी द्वारा सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों एवं पूर्व विधायकों की एक मॉनिटरिंग कमेटी गठित की गई है। इसके माध्यम से एक माह के भीतर प्रदेश भर में जायज मतदाताओं के कटे हुए, छूटे हुए तथा नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा


प्रवक्ता के. बी. त्रिपाठी ने जानकारी दी कि प्रदेश भर में संविधान संवाद महापंचायतों के बाद राजधानी लखनऊ के रामाबाई अंबेडकर मैदान में एक भव्य महारैली का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन पंडित राज शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रवक्ता पंडित राज शर्मा, मनोज शर्मा, प्रवीण मिश्रा, राजीव सिंह, रमेश श्रीवास्तव, शाकिर सक्लेनी, मोहम्मद जकी, कमरुद्दीन सेफी, मुकेश वाल्मीकि, पंकज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!