विकसित भारत–2047 के संकल्प के साथ बरेली कैंट में ‘रन फॉर’ मिनी मैराथन, 1500 धावकों ने दिया फिट और हरित भारत का संदेश

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 के अवसर पर बरेली कैंट स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘रन फॉर विकसित भारत 2047’ थीम पर भव्य मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

मिनी मैराथन में करीब 1500 धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल जीओसी डीजी मिश्रा एवं कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा ने कहा कि बरेली के युवा खेल प्रतिभाओं से भरपूर हैं और आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने ‘खेलो इंडिया’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि इस मिनी मैराथन का उद्देश्य ‘विकसित भारत–2047’ के विजन को जन-जन तक पहुंचाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भाव पैदा करना है।

5 किलोमीटर की इस दौड़ में 13 से 60 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने तीन श्रेणियों में भाग लिया। मैराथन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से शुरू होकर युगवीणा चौक, पहलवान बाबा मंदिर, बिशप चौक, कारगिल चौक और शहीद चौक होते हुए पुनः स्टेडियम पर संपन्न हुई।

इस आयोजन में सेना के जवानों, पुलिसकर्मियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹5000, द्वितीय ₹2500 और तृतीय ₹1500 शामिल रहा।यह आयोजन बरेली कैंट में स्वास्थ्य, खेल और राष्ट्रप्रेम को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल के रूप में यादगार बन गया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज