बरेली। प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बरेली की बेटी मंतशा फातिमा ने राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। 1 जनवरी से 6 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंतशा ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो किसी भी राह की कठिनाइयां आड़े नहीं आतीं।

थाना बारादरी क्षेत्र के पुराने शहर इलाके की रहने वाली मंतशा एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता मुशाहिद हुसैन उत्तर प्रदेश रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, जबकि मां शबनम एक गृहिणी हैं। परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन ने मंतशा के सपनों को मजबूती दी।
मंतशा ने एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली में आईटी सेक्टर में नौकरी शुरू की थी। अच्छी नौकरी और सुरक्षित भविष्य होने के बावजूद उनके मन में कुछ अलग और बड़ा करने की चाह थी। बचपन से ही उन्हें शूटिंग में गहरी रुचि थी। वह अपने पिता से खिलौना गन मंगवाया करती थीं और निशाना लगाने का अभ्यास करती थीं। उनकी इस रुचि को पहचानते हुए पिता ने उन्हें हरसंभव सहयोग दिया।
प्रसिद्ध शूटिंग कोच गुरु सलमान के निर्देशन में मंतशा ने नियमित अभ्यास शुरू किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मेहनत का परिणाम यह रहा कि उन्होंने पहले भी कई शूटिंग प्रतियोगिताओं में पदक जीते और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मंतशा का कहना है कि खेल के क्षेत्र में लड़कियों के लिए अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास की। वह अन्य लड़कियों को भी आगे आने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करती हैं। फिलहाल मंतशा अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटी हैं और जल्द ही देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य रखती हैं।




